विभिन्न बैंकों ने लगाए स्टॉल, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
जरूरतमंद लोगों को एक परिसर मे ही सभी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की डीएम की महत्वपूर्ण पहल, पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर
मधुबनी
आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ सहज, सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने तथा केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं से शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को आच्छादित करने के उद्देश्य से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत नगर भवन परिसर, मधुबनी में विशेष बैंकिंग कैंप का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा की महत्वपूर्ण पहल पर आयोजित इस कैंप में विभिन्न बैंकों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न बैंकिंग सेवाएं एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने कैंप में लगाए गए विभिन्न बैंकों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं, प्राप्त आवेदनों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि कैंप में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना जाए तथा पात्र व्यक्तियों को संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय समावेशन का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण सरकारी वित्तीय सुरक्षा योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं से वंचित नहीं रहे। इसके लिए बैंकिंग संस्थाओं और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दें तथा उनके आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करें।
इस विशेष बैंकिंग कैंप का प्रमुख उद्देश्य विभिन्न बैंकिंग सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आम नागरिकों को अलग-अलग बैंकों एवं कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। कैंप के माध्यम से प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोलने एवं निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने, खातों की केवाईसी अद्यतन कराने, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से संबंधित सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं की सुलभ उपलब्धता न केवल आर्थिक समावेशन को बढ़ावा देती है, बल्कि आम लोगों को वित्तीय सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विशेषकर गरीब, वंचित, ग्रामीण परिवारों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों को इन योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलने के साथ वित्तीय समावेशन अभियान को भी गति मिलेगी।
