जिलाधिकारी ने किसान भाईयों से मेले मे अधिक संख्या मे भाग लेने तथा अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की
मधुबनी
22 नवंबर, 2026
जिले में कृषि को आधुनिक, उन्नत एवं अधिक लाभकारी बनाने तथा किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीकों एवं आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़ने के उद्देश्य से 25 एवं 26 नवंबर 2026 को दो दिवसीय कृषि यांत्रिकरण मेला का आयोजन किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में एसएमएएम (SMAM) योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह मेला संयुक्त कृषि भवन, महिनाथपुर, रामपट्टी, मधुबनी परिसर में आयोजित होगा। मेले का उद्घाटन 25 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित है।
जिला कृषि अभियंत्रण कार्यालय, मधुबनी के उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) ई. संजय कुमार ने इस आशय की जानकारी दी है।
कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
कृषि यांत्रिकरण आधुनिक कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। बदलते समय में खेती को कम लागत, कम समय और अधिक उत्पादकता के साथ संपन्न करने में आधुनिक कृषि यंत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कृषि कार्यों में श्रम एवं समय की बचत, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए कृषि यांत्रिकरण को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।
इस मेले का प्रमुख उद्देश्य किसानों को कृषि यांत्रिकरण के महत्व से अवगत कराना, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा कृषि कार्यों में उपयोगी यंत्रों एवं उपकरणों के प्रति उनकी जानकारी बढ़ाना है। इससे किसानों को पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। कृषि यांत्रिकरण के माध्यम से खेती को अधिक वैज्ञानिक, सुविधाजनक एवं लाभकारी बनाने की दिशा में भी सहायता मिलेगी।

किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण को मिलेगा प्रोत्साहन
कृषि यांत्रिकरण केवल खेती में मशीनों के उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि लागत को नियंत्रित करने और कृषि उत्पादन की गुणवत्ता एवं क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से कृषि कार्यों की समयबद्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। विशेषकर कृषि कार्यों के व्यस्त मौसम में यांत्रिकरण किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने कहा है कि कृषि एवं किसानों का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं कृषि यांत्रिकरण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं तकनीकी संसाधनों का उपयोग बढ़ाकर खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि यांत्रिकरण मेले में भाग लेकर उपलब्ध सुविधाओं एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा कृषि के विकास के लिए नवीन तकनीकों को अपनाने की दिशा में आगे आएं।
