फेज-दो थाना क्षेत्र में पति और वो (युवती) के बीच अवैध संबंध बनने पर ब्लैकमेलिंग से छह लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। यह विवाद मई 2025 का है। आरोप है कि पत्नी के विरोध करने पर युवती ने बदमाशों से जानलेवा हमला करा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि वह बिसरख क्षेत्र की एक सोसायटी में रहती हैं। जनवरी 2025 में प्राइवेट कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर नोएडा के एक गांव निवासी युवक से जान-पहचान के बाद शादी हुई थी। दोनों दाम्पत्य जीवन का खुशी-खुशी निर्वाहन कर रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद फेज-दो की एक युवती ने उनके पति के साथ नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दीं। धीरे-धीरे दोनों में शारीरिक संबंध भी हो गए।

युवती ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया

आरोप है कि युवती ने अवैध संबंध बनाने पर उनके पति को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परिवार और समाज में बदनाम करने एवं कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर छह लाख रुपये भी ऐंठ लिए। पांच मई 2025 को घर पहुंचीं तो वहां पति और युवती को आपत्तिजनक हालत में देखकर होश उड़ गए। विरोध करने पर पति और ससुर माफी मांगने लगे।

इसी बीच 29 सितंबर को भंगेल में काम से जा रही थीं। वहां लेबर चौक पर आरोपित युवती ने पांच-छह बदमाशों से उनके ऊपर जानलेवा हमला भी करा दिया। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

पुलिस का कहना है कि दंपती और युवती का विवाद 2025 का है। लखनऊ में उच्च अधिकारियों को ऑनलाइन शिकायत दी गई थी। उसके आधार पर मुकदमा हुआ है। फिलहाल, दोनों में समझौता हो चुका है। दंपती अब यहां से मुंबई जा चुके हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version