शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के आम चुनाव करवाने की मांग को लेकर शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी प्रधान और श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि 20 नवंबर को एसजीपीसी के वार्षिक इजलास के दिन उनकी पार्टी के सदस्य अमृतसर में होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगे।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने एसजीपीसी के मौजूदा कामकाज पर सवाल उठाते हुए संस्था में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि एसजीपीसी के करीब 40 से 50 प्रतिशत सदस्यों के रिश्तेदार संस्था के अधीन गुरुद्वारों और शैक्षणिक संस्थानों में नौकरियां कर रहे हैं।
किसी की बेटी, बेटा और बहू को नियुक्तियां दी गई हैं। इन लोगों की पदोन्नति भी सामान्य कर्मचारियों के मुकाबले तेजी से होती है। इन नियुक्तियों और पदोन्नतियों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप
20 नवंबर को होने वाले एसजीपीसी के वार्षिक इजलास के बहिष्कार का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी विचार रखने वाले सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाता।
बीबी किरणजोत कौर के सामने से माइक तक छीन लिया जाता है। विरोधी पक्ष के सदस्यों के लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। जत्थेदार मिट्ठू सिंह काहनेके की रोक हटाने संबंधी मांग पर भी अब तक फैसला नहीं हुआ है। ऐसे हालात में इजलास में शामिल होने का कोई औचित्य नहीं है।
बादल दल और केंद्र के बीच समझौते का आरोप
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने एसजीपीसी के आम चुनावों में देरी के लिए केंद्र सरकार और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के बीच अंदरूनी समझौते को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार की नीयत साफ होती तो अब तक चुनाव करवाए जा सकते थे। हरियाणा के कुछ सदस्यों की ओर से अदालत में याचिकाएं दायर किए जाने के कारण कानूनी अड़चनें हैं, लेकिन केंद्र सरकार चाहे तो इस दिशा में पहल कर सकती है।
उन्होंने सिख संगत और पंथक नेताओं से अपील की कि 20 नवंबर को गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हों। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी का गठन सिख संगत के प्रतिनिधित्व के लिए हुआ था, लेकिन मौजूदा हालात में संस्था के भीतर पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत है।
बागी नेताओं पर पूर्व जत्थेदार का तंज
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने बीबी जगीर कौर और प्रेम सिंह चंदूमाजरा पर भी निशाना साधा। उन्होंने चंदूमाजरा पर आरोप लगाया कि वह उनकी पार्टी में रहते हुए भी सुखबीर सिंह बादल के हित में काम कर रहे थे। पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को उन्होंने पीले पत्ते बताते हुए कहा कि अब पार्टी में केवल हरे पत्ते ही बचे हैं।
उनकी पार्टी का गठबंधन केवल श्री अकाल तख्त साहिब और गुरु साहिब के साथ है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के कोआर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं। पार्टी के पंजीकरण की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के साथ पत्राचार और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
