केजीएमयू के आर्थोपेडिक विभाग के लापता नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग की तलाश में पुलिस को इटौंजा टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला है। फुटेज में उनकी कार टोल पार करती दिखाई दी है। चालक का चेहरा स्पष्ट नहीं है, लेकिन कपड़ों के आधार पर पुलिस ने उसके नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग होने की पहचान की है। फुटेज में चालक की सीट के बगल एक अन्य व्यक्ति दिखाई दे रहा है।
जांच के दौरान सामने आया कि उनकी कार लखनऊ-सीतापुर मार्ग की ओर गई थी। इटौंजा टोल प्लाजा के सीसीटीवी में कार रात करीब 11:30 बजे टोल पार करती दिखाई दी। फुटेज में चालक का चेहरा साफ नहीं आने के कारण पुलिस ने उसके कपड़ों का मिलान किया। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में दिख रहे चालक के कपड़े नर्सिंग अधीक्षक के कपड़ों से मेल खा रहे हैं।
सीतापुर में मिली कार: जांच के दौरान नर्सिंग अधीक्षक की कार मंगलवार को सीतापुर के कमलापुर क्षेत्र में जयरामपुर मार्ग पर चदेहरा बाजार के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार किस परिस्थिति में वहां पहुंची, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने उनकी तलाश के लिए छह टीमें लगाई हैं। मोबाइल की काल डिटेल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
अब पुलिस इटौंजा टोल से कमलापुर तक के रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज जुटाकर यह पता लगाने में लगी है कि टोल पार करने के बाद नर्सिंग अधीक्षक किस रास्ते से गए और कार को चदेहरा बाजार के पास किसने छोड़ा। मड़ियांव थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पवन गर्ग की तलाश की जा रही है।
