आज दिनांक 12.11.2026 को लोक आस्था के सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी द्वारा संयुक्त रूप से पुपरी स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, आवागमन मार्ग एवं वाहन पार्किंग सहित श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। विशेष रूप से नदी एवं तालाबों में खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा संकेतक लगाने तथा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
छठ महापर्व के दौरान अस्ताचलगामी एवं उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था संधारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, नियमित गश्ती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा नियंत्रण कक्ष, गोताखोरों एवं मेडिकल टीम की आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के उपरांत छठ पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं छठ महापर्व से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2, संबंधित थानाध्यक्ष सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी जिला प्रशासन एवं पुलिस छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा शांतिपूर्ण वातावरण में महापर्व संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
