बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार, 8 अगस्त 2026 को सीतामढ़ी के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से हेलीकॉप्टर के जरिए सीतामढ़ी पहुंचेंगे और पुनौरा धाम मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे बखरी स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र (ब्रूड बैंक) का निरीक्षण करेंगे।
पटना में क्षेत्रीय सम्मेलन में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह 9:50 बजे लोक सेवक आवास से सड़क मार्ग से ज्ञान भवन, पटना के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे ज्ञान भवन पहुंचकर वे गृह विभाग, बिहार की ओर से आयोजित गुमशुदा बच्चों और मानव तस्करी पर पूर्वी क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे।
सम्मेलन में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे ज्ञान भवन से स्टेट हैंगर, पटना के लिए रवाना होंगे और 11:10 बजे वहां पहुंचेंगे।
हेलीकॉप्टर से सीतामढ़ी पहुंचेंगे CM
स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए सीतामढ़ी जिले के राघोपुर बखरी स्थित हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे 11:35 बजे राघोपुर बखरी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से पुनौरा धाम मंदिर परिसर जाएंगे।
मुख्यमंत्री करीब 11:40 बजे पुनौरा धाम मंदिर परिसर पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। उनका यहां करीब एक घंटे का कार्यक्रम निर्धारित है।
ब्रूड बैंक का करेंगे निरीक्षण
दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री पुनौरा धाम से राघोपुर बखरी स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र (ब्रूड बैंक) के लिए रवाना होंगे। करीब 12:45 बजे वे ब्रूड बैंक पहुंचेंगे।
यहां मुख्यमंत्री नवनिर्मित हैचरी से अंडा एवं बीज उत्पादन की प्रक्रिया और ब्रूड बैंक के तालाबों का अवलोकन करेंगे। साथ ही स्थानीय लाभुकों को ऑक्सीजेनेटेड बैग के साथ स्पॉन वितरण और विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकासात्मक कार्यों की जानकारी भी लेंगे।
मुख्यमंत्री के सीतामढ़ी दौरे को देखते हुए संबंधित प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की गई हैं।#SamratChoudhary #BiharCM #Sitamarhi #PunauraDham #SitamarhiNews #BiharNews #CMVisit #PunauraDhamTemple
