हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल किया है। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) के 7 अधिकारियों के तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत पदभार का इंतजार कर रहे तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जयसिंहपुर के एसडीएम संजीव ठाकुर को धर्मशाला में जिला पर्यटन विकास अधिकारी लगाया गया है। उनकी जगह बालीचौकी के एसडीएम बचित्र सिंह अब एसडीएम जयसिंहपुर का कार्यभार संभालेंगे।
इस फेरबदल में जिला पर्यटन विकास अधिकारी कांगड़ा विनय धीमान को पद से हटाकर कार्मिक विभाग के पूल में भेजा गया है।
कुलवंत सिंह एसडीएम कुपवी
तैनाती का इंतजार कर रहे कुलवंत सिंह को एसडीएम कुपवी नियुक्त किया गया है। वह चौपाल के एसडीएम हेम चंद वर्मा को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगे।
बबिता धीमान एसी टू डीसी कुल्लू
घुमारवीं में सहायक आयुक्त (राजस्व)-कम-तहसीलदार के पद पर तैनात बबिता धीमान को सहायक आयुक्त, उपायुक्त कुल्लू लगाया गया है। वह जिला पर्यटन विकास अधिकारी कुल्लू डा. रोहित शर्मा को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त करेंगी।
हमीरपुर में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात रजत चौधरी को इसी जिम्मेदारी के साथ भोरंज स्थानांतरित किया गया है।
