सोनांचल में जंगल व पहाड़ की कमी नहीं है। प्राकृतिक सौंदर्य भी इस जिले की पहचान है। जंगल के साथ ही नदी, झरने भी लोगों को आकर्षित करते हैं। ऐसे में यहां की हवा सबसे स्वच्छ होनी चाहिए, लेकिन यहां पर स्थिति बिलकुल उलट है। कुछ दिनों से यहां की हवा प्रदूषित हो गई है। अब रविवार की सुबह की ही रिपोर्ट देख लिया जाए तो मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर के बाद प्रदेश में सबसे अधिक प्रदूषण का स्तर बढ़कर सोनभद्र व नोएडा का हो गया था।
धुल, धुएं व राख से रसोई से लेकर खेतों तक जमी मोटी परत
एनटीपीसी रिहंद परियोजना के राख बंधे से हो रहा राख का अनियंत्रित परिवहन अब आसपास के ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन गया है। नियमों को ताक पर रखकर चल रहे ओवरलोड वाहनों से सड़कों पर फैलती राख और उड़ते धुल के गुबार ने क्षेत्र की हवा को जहरीला बना दिया है। हालात यह हैं कि ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
स्थानीय प्रशासन व प्रबंधन की अनदेखी से लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन से मांग की है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार वाहनों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाया जाए। राख का परिवहन पूरी तरह ढककर किया जाए और नियमित रूप से प्रभावी जल छिड़काव के साथ ही तत्काल स्थायी हल निकालते हुए क्षेत्रवासियों को इस प्रदूषण से निजात की मांग उठ रही है। सबसे खराब स्थिति अनपरा, रेणुसागर, बीना, शक्तिनगर, खड़िया, ककरी, बीजपुर व सिंगरौली की है।
– 800 से अधिक बड़े वाहन राख, कोयला आदि लदे वाहन इन क्षेत्रों से गुजरते हैं।
– दिखावे के लिए हर वाहन पर तिरपाल लगे होते हैं, लेकिन पूरे रास्ते धुल व राख उड़ाते गुजरते हैं।
– वाहनों पर अतिरिक्त बत्ते लगाकर क्षमता से अधिक राख लोड की जाती है।
– परिवहन के लिए एनटीपीसी रिहंद की ओर से ही छह ठेकेदारों को जिम्मा दिया गया है।
– नौकार ग्लोबल, ओम शारदा, सौरभ सागर, जेपी डब्लू, नखास आदि राख ढुलाई कर रहे हैं।
– मध्य प्रदेश के सिंगरौली व यूपी सोनभद्र के कुछ हिस्सों से राख जौनपुर, भभुआ बिहार, चंदवत चंदौली आदि स्थानों पर भेजा रहा है।
