*स्वच्छता कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, स्वच्छता का लिया संकल्प*
*स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के लिए आमजन की भागीदारी जरूरी :डीआरडीए निदेशक*
~~~~
मधुबनी,
21 सितम्बर, 2026
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट स्थलों पर विशेष रूप से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया।
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में जमा कचरा, गंदगी एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर संबंधित स्थलों की साफ-सफाई की गई। अभियान में स्वच्छता कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक मो. सरफराजुद्दीन ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाने से इन स्थलों को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, लोगों को नियमित रूप से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।
जिला समन्वयक, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान संजीव कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा रही है। ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में चलाया गया विशेष अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केवल सफाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि साफ किए गए स्थलों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए आम लोगों का सहयोग और जागरूकता भी जरूरी है।
अभियान के दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।