बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आलमपुर-गोनपुरा इलाके में गुरुवार सुबह युवक का शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ओमप्रकाश के रूप में हुई है। वह बुधवार रात करीब 11 बजे तक गांव में मौजूद था, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गया। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर उसका शव मिलने की सूचना मिली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश के शरीर पर गोली लगने के निशान के अलावा चोट के निशान भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि उसे कान के नीचे और पेट में नजदीक से गोली मारी गई। उसके सिर और पीठ पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि गोली मारने से पहले युवक के साथ मारपीट भी की गई हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ओमप्रकाश को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं। आरोपितों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ओमप्रकाश की किसी से ऐसी क्या दुश्मनी थी, जिसके चलते उसकी जान ले ली गई? फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस हत्याकांड से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।
