सीतामढ़ी में 51वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत वाइब्रेंट विलेज इंदरवा में नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह शिविर 10 जुलाई 2026 को कमांडेंट संजीव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. विनित कुमार, सहायक कमांडेंट (पशु चिकित्सा अधिकारी), क्षेत्र मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, बेतिया ने ग्रामीणों के पशुओं की स्वास्थ्य जांच की। पशुओं में विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उनके उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए तथा पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए उपयोगी जानकारी भी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरतमंद पशुओं के लिए नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया, ताकि पशुधन को स्वस्थ रखने और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद मिल सके।
इस पशु चिकित्सा शिविर का लाभ 51 पशुपालकों को मिला, जबकि कुल 243 पशुओं की स्वास्थ्य जांच और उपचार किया गया। सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में SSB की इस पहल को सराहनीय माना जा रहा है।
