सीतामढ़ी। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने सोमवार को डुमरा और बथनाहा अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति, सरकारी कार्यों के निष्पादन और आम लोगों को मिल रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बथनाहा अंचल कार्यालय में सुबह 10:45 बजे और डुमरा अंचल कार्यालय में 11:10 बजे कुछ कर्मी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी 17 अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन स्थगित करने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।

बथनाहा अंचल कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में संविदा लिपिक शत्रुध्न राम, निम्नवर्गीय लिपिक तौसीफ रजा और खुशबू कुमारी, अंचल अमीन शबनम कुमारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर क्षितिज राज श्रीवास्तव, कुमुद कुमार और सुमन कुमारी, कार्यपालक सहायक नयन कृष्णानी और प्रवीण कुमार तथा कार्यालय परिचारी कमलेश पासवान शामिल हैं।

वहीं, डुमरा अंचल कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर अमित वर्मा और संजीव कुमार, अमीन शिखा कुमारी और पल्लवी जोशी, कार्यपालक सहायक आरती कुमारी, रागिनी कुमारी और संजीत कुमार अनुपस्थित मिले।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन प्रशासन की कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है। आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ निर्धारित समय पर मिले, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी कर्मियों को अपने कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने तथा इसकी अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version