ब्रीफिंग से अनुपस्थित पाए गए पांच कर्मियों से स्पष्टीकरण, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत होगी कड़ी कार्रवाई, लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं

निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में रहकर पूरी सजगता एवं तत्परता से निर्धारित प्रोटोकाल के अनुरूप करें कार्य
~~~~
मधुबनी, 22 अक्टूबर 2026

बिहार विधान परिषद के दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, मतदान दलों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर पूरी तत्परता, सजगता एवं जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार की संयुक्त उपस्थिति में मतदान कर्मियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान निर्वाचन कार्य से संबंधित दिशा-निर्देशों, निर्धारित एसओपी, दायित्वों एवं विधि-व्यवस्था संधारण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति तलब की गई जिसमें पांच कर्मी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण किया है। साथ ही, निर्वाचन संबंधी कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही अथवा निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य एक महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं प्रशासनिक दायित्व है। इसमें प्रतिनियुक्त प्रत्येक पदाधिकारी एवं कर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी को अपने निर्धारित कर्तव्यों का निर्वहन समयबद्ध, अनुशासित एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से करना अनिवार्य है। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता, अनुशासनहीनता अथवा आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें
~~~~~~
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं एसओपी के अनुरूप ही सभी कार्यों का निष्पादन करें। मतदान प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय एवं टीम भावना बनाए रखते हुए निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित रहें तथा मतदान की प्रत्येक गतिविधि पर सजग निगरानी रखें।

उन्होंने विधि-व्यवस्था संधारण, मतदान केंद्रों की सुरक्षा, मतदाताओं की सुविधा तथा मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। किसी भी समस्या अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित वरीय पदाधिकारी को देने तथा प्राप्त निर्देशों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने दोहराया कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतदान कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। निर्वाचन संबंधी दायित्वों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version