सीतामढ़ी जिले में नए राशन कार्ड बनाने का अभियान तेज कर दिया गया है। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देश पर 14 जुलाई 2026 से Smart PDS Portal के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में नए राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र परिवारों तक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) का लाभ पहुंचाने के लिए अभियान को मिशन मोड में चलाया जाए।

डीएम ने कहा कि जिन परिवारों के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है और वे योजना के लिए पात्र हैं, वे जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी सुविधा से वंचित न रह जाए।

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों (BPRO) और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (MO) को लक्ष्य के अनुसार पात्र लाभुकों की पहचान कर राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर कार्यरत कार्यपालक सहायकों और प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के माध्यम से पात्र परिवारों का ऑनलाइन आवेदन समय पर कराया जाए। साथ ही आवेदन प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा, परियोजना अभियंता अमित कुमार सहित जिले के विभिन्न अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

नए राशन कार्ड अभियान का मुख्य उद्देश्य उन पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है, जो अब तक इस सुविधा से बाहर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पात्रता होने पर समय पर ऑनलाइन आवेदन कर सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version