(सुनहरा अवसर)
रकार की अभिनव पहल, जिले से श्रद्धालुओं के चयन की प्रक्रिया शुरू
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत श्रद्धालुओं को निःशुल्क सोमनाथ यात्रा का सुनहरा अवसर
बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर राज्य के श्रद्धालुओं के लिए एक अभिनव एवं ऐतिहासिक पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत 20 जुलाई 2026 को बिहार से श्रद्धालुओं का विशेष दल भगवान सोमनाथ धाम (गुजरात) की यात्रा के लिए रवाना होगा। यात्रा के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जिसे पटना (पाटलिपुत्र जंक्शन) से माननीय मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इस विशेष यात्रा में राज्य के सभी 38 जिलों से कुल 1022 श्रद्धालुओं को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक जिले के लिए श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित की गई है। सीतामढ़ी जिले से 20 श्रद्धालुओं का चयन किया जाएगा।
इस यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इनमें महिलाएं, हॉकर एवं स्ट्रीट वेंडर, गिग वर्कर, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, युवा प्रोफेशनल, विद्यार्थी, स्टार्टअप उद्यमी, सीनियर सिटीजन, विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग, स्वयंसेवक, युवा विजेता, अखाड़ा एवं धार्मिक संस्थाओं के सदस्य, सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासी, कलाकार, पोस्टमैन, रेलवे स्टाफ, सफाईकर्मी तथा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में सेवा कार्य करने वाले लोग शामिल किए जाएंगे।
सरकार द्वारा सम्पूर्ण सोमनाथ यात्रा की आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित पहचान-पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रत्येक जिले से एक दल-नेता नामित किया जाएगा, जो पूरे यात्रा दल का नेतृत्व करेगा।
श्रद्धालुओं को 20 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे तक पाटलिपुत्र जंक्शन, पटना पहुंचना होगा। यात्रा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं की वापसी 26 जुलाई 2026 को होगी।
कला एवं संस्कृति विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि निर्धारित संख्या के अनुसार श्रद्धालुओं का चयन कर उनकी सूची 14 जुलाई 2026 तक उपलब्ध कराई जाए।
यह पहल न केवल बिहार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने का प्रयास है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ आध्यात्मिक यात्रा का अवसर प्रदान कर सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाएगी।
