मधुबनी। महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में मधुबनी जिले को महत्वपूर्ण सुविधा मिली है। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने किया। उन्होंने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और यहां महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा या किसी अन्य प्रकार के संकट से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना इस केंद्र का प्रमुख उद्देश्य है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले की महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या संकट की स्थिति में वे बिना झिझक सखी वन स्टॉप सेंटर से संपर्क करें। उन्होंने घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, मानव तस्करी और अन्य प्रकार की हिंसा से प्रभावित महिलाओं से सरकार की ओर से उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

डीएम ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से संकटग्रस्त और पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इनमें चिकित्सीय सहायता, कानूनी मदद, पुलिस सहायता, एफआईआर/डीआईआर दर्ज कराने में सहयोग, मनो-सामाजिक परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आश्रय जैसी सेवाएं शामिल हैं।

नवनिर्मित भवन के शुरू होने से जिले की महिलाओं के लिए इन सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। यह केंद्र न केवल संकट की स्थिति में महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और महिला एवं बाल विकास निगम की टीम ने जिले की अधिक से अधिक महिलाओं तक केंद्र की सेवाओं और जागरूकता का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शिवम धाकड़, सहायक आरक्षी अधीक्षक रश्मि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्योति रानी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस)-सह-नोडल पदाधिकारी, महिला विकास निगम डॉ. ललिता कुमारी, जिला मिशन समन्वयक, DHEW अंजनी कुमार झा, जिला समन्वयक, सक्षम आंगनवाड़ी एवं मिशन पोषण 2.0 स्मित प्रतीक सिन्हा, लैंगिक विशेषज्ञ DHEW शिवराम मेहरा, वन स्टॉप सेंटर मधुबनी की केंद्र प्रशासक सुषमा कुमारी, वन स्टॉप सेंटर झंझारपुर की केंद्र प्रशासक साइना मिर्जा, लेखा सहायक पारस कुमार, परामर्शी दीपशिखा सिंह समेत महिला एवं बाल विकास निगम की पूरी टीम मौजूद रही।

कार्यक्रम का संचालन अंजनी कुमार झा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

#Madhubani #SakhiOneStopCentre #OneStopCentre #WomenSafety #WomenEmpowerment #BiharNews #MadhubaniNews #WomenHelpline #BiharGovernment #AnandSharma

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version