मधुबनी, 7 सितंबर 2026। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डामू, बासोपट्टी और जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में वन्यजीव एवं पौधों के संरक्षण विषय पर छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए जैव विविधता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व को रंग-बिरंगी पेंटिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों के जरिए वन्यजीवों और पौधों के संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. एहसान अहमद ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मक क्षमता विकसित होती है और उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका सोनी कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा कि पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने वन्यजीव और पौधों के संरक्षण की अवधारणा को अपनी कल्पनाओं में उतारा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई गई।

डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’ की ओर से विद्यालयों में ऐसी गतिविधियों का आयोजन बच्चों को जल, पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और पौधों का संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है। पेंटिंग प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशीलता और रचनात्मक सोच को अभिव्यक्त किया है।

प्रतियोगिता में प्रीति कुमारी ने प्रथम, ज्योति कुमारी ने द्वितीय और मरजीना खातून ने तृतीय स्थान हासिल किया। सफल छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक सिकंदर पासवान, पूनम कुमारी, सुभद्रा कुमारी और रविन्द्र कुमार मंडल सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version