मधुबनी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से प्रखंड स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार की विभिन्न प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का प्रखंडवार आकलन किया गया और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना (ग्रामीण), विभिन्न पेंशन योजनाएं, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, घर-घर कचरा संग्रहण, सामुदायिक भवन सह वर्कशेड निर्माण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत संचालित कार्यक्रम, कचरा प्रबंधन इकाइयों की स्थापना तथा सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने और पारदर्शिता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। साथ ही प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा कर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बिरजू दास सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version