*ब्लैक स्पॉट पर सफाई की दस्तक, स्वच्छता के लिए स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया हाथ*
~~~~
मधुबनी,
20 सितम्बर, 2026
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जिले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण को लेकर लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मधुबनी शहर अंतर्गत अत्यधिक गंदगी वाले क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज नगर निगम, मधुबनी द्वारा वार्ड संख्या-18 के रांटी स्थित चिह्नित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में वृहत स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम के सफाईकर्मियों द्वारा चिन्हित स्थलों से कचरे एवं गंदगी की सफाई की गई तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।
स्वच्छता अभियान में नगर निगम के सफाईकर्मियों के साथ स्वच्छता साथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई। इस दौरान स्वच्छता साथियों ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर उपस्थित स्वच्छता साथी अविनाश चौधरी, मिनातुल्लाह, कन्हैया कुमार, इंद्रदेव यादव एवं कुलदीप राम ने स्थानीय लोगों से स्वच्छता के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने लोगों को कचरे का उचित निस्तारण करने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की नियमित सफाई के साथ-साथ आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सामूहिक सहभागिता के माध्यम से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है।
