*गांधी जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प*
~~~~
मधुबनी,
02 अक्टूबर, 2026
गांधी जयंती के अवसर पर वाट्सन मध्य विद्यालय, मधुबनी में शिक्षा विभाग की ओर से पौधरोपण एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा फलदार एवं फूलदार पौधे लगाए गए। पौधरोपण के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। मौके पर उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण किया। 
कार्यक्रम के दौरान कलाकार रंजना मिश्रा, प्रिया मिश्रा, रौशन, शुभम एवं उनकी टीम द्वारा विभिन्न जनहितकारी विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुष्मान भारत योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीपीओ माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता आनंद वर्मा ने कहा कि गांधी जयंती हमें महात्मा गांधी के विचारों और उनके स्वच्छता संबंधी आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से जोड़कर उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित की जा सकती है।
वहीं, राजकीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक उमेश कुमार ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। पौधरोपण एवं नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक चेतना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापक मीरा कुमारी ने की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वाट्सन उच्च विद्यालय, मधुबनी के प्रधानाध्यापक सतीश कुमार, कुमारी पुष्पम, मनीष कर्ण सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
