कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर योग्य परिवारों को शीघ्र आच्छादित करें : जिलाधिकारी
खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ निगरानी, निरीक्षण एवं नियंत्रण व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश
मधुबनी,
12 नवंबर, 2026
जिले में खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में राशन कार्ड निर्माण एवं वितरण का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में जिला अंतर्गत कुल 63,860 नये राशन कार्ड सृजित किए गए हैं। इनमें से 11 नवनिर्मित राशन कार्ड का वितरण जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा के कर-कमलों द्वारा किया गया।
यह अवसर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का था। इस समारोह में नए राशन कार्ड एवं नए जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से मधुबनी जिले के जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार दीपक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाए तथा राशन कार्ड के लिए योग्य परिवारों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र आच्छादित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न सुरक्षा सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता है। इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति एवं परिवार तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न का नियमित वितरण सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए उन्होंने निरीक्षण, निगरानी एवं नियंत्रण की सुदृढ़ व्यवस्था रखने तथा संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध होना चाहिए तथा वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की शिकायत या अनियमितता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अनुमंडलवार 63,860 नए राशन कार्ड सृजित
जिला अंतर्गत सृजित कुल 63,860 नए राशन कार्ड में मधुबनी अनुमंडल में 16,017, बेनीपट्टी अनुमंडल में 14,510, झंझारपुर अनुमंडल में 12,164, फुलपरास अनुमंडल में 12,470 तथा जयनगर अनुमंडल में 8,699 नए राशन कार्ड शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में वर्तमान में कुल राशन कार्डधारियों की संख्या 9,62,051 है। वहीं, खाद्यान्न वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाले जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की कुल संख्या 2,184 है।
पारदर्शी खाद्यान्न वितरण के लिए तकनीक का उपयोग
खाद्यान्न सुरक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जन वितरण प्रणाली में पीओएस (PoS) मशीन, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी जैसी तकनीकी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। इनके माध्यम से लाभार्थियों की पहचान, राशन वितरण एवं पात्रता से संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इन व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों की ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी की पात्र परिवारों से अपील
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिले के सभी योग्य एवं इच्छुक परिवारों से अपील की है कि जिन परिवारों के पास अभी तक राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है तथा जो सरकार द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करते हैं, वे राशन कार्ड के लिए स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी ई-केवाईसी भी अवश्य पूर्ण कराएं।
उन्होंने कहा कि राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवार आगे आएं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें, ताकि उन्हें खाद्यान्न सुरक्षा योजना से जोड़ा जा सके। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी योग्य एवं जरूरतमंद परिवार खाद्यान्न सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे तथा प्रत्येक पात्र परिवार को नियमित रूप से निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध होता रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड निर्माण से लेकर खाद्यान्न वितरण तक की पूरी व्यवस्था को पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनाना सुनिश्चित किया जाए।
