मधुबनी में आयुष्मान भारत ऐप (Ayushman App) के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे मोबाइल से स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल लाभ उपलब्ध कराने की सुविधा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय, मधुबनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह ऐप लाभार्थियों को सरल, सुरक्षित और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का एक्सेस प्रदान करता है।
इस ऐप में दो प्रकार के लॉग-इन सिस्टम की सुविधा दी गई है—‘Beneficiary’ (लाभार्थी) और ‘Operator’। मोबाइल नंबर एवं OTP के माध्यम से सुरक्षित रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है, साथ ही क्षेत्रीय भाषाओं का भी विकल्प उपलब्ध है जिससे उपयोगकर्ता इसे आसानी से समझ सकें।
लाभार्थी SECC 2011 डेटाबेस या NFSA (राशन कार्ड) के आधार पर अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं। राज्य, जिला, ब्लॉक, गांव, आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर के माध्यम से नाम खोजने की सुविधा भी उपलब्ध है।
ऐप में स्वयं ई-केवाईसी (Self e-KYC) की सुविधा दी गई है, जिसके तहत लाभार्थी आधार OTP, बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से स्वयं सत्यापन कर सकते हैं। ई-केवाईसी के दौरान लाइव फोटो कैप्चर की सुविधा भी उपलब्ध है।
आयुष्मान कार्ड प्रबंधन के तहत अप्रूवल के बाद डिजिटल कार्ड को PDF फॉर्मेट में डाउनलोड किया जा सकता है। पुराने कार्डों को आधार से लिंक करने तथा परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति जांचने की सुविधा भी दी गई है।
इसके अलावा ऐप में देशभर के पैनल्ड अस्पतालों की सूची उपलब्ध है जहाँ लाभार्थी कैशलेस इलाज का लाभ ले सकते हैं। किसी भी सहायता के लिए सीधे राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14555 से संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक इस ऐप को डाउनलोड कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
