कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर शुरू हुए विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर पलटवार किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए बीजेपी और आरएसएस समर्थकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके दिलों में डर, गुस्से और नफरत का ऐसा जाल बन गया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को नफरत के इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की खूबसूरती और खुशी को महसूस कर सकें। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ भी लिखा। इसके साथ उन्होंने कर्नाटक के हलेबिडु स्थित होयसलेश्वर मंदिर की एक मूर्ति की तस्वीर साझा की।
दरअसल, यह विवाद राहुल गांधी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जो उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में दिया था। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के आपसी प्रेम और रिश्ते से जुड़ी बचपन की यादें साझा की थीं।
राहुल गांधी ने बताया था कि उनके घर में माता-पिता के बीच प्यार जाहिर करने का तरीका काफी सहज था। उनके मुताबिक, बचपन में उन्हें यह सब सामान्य लगता था, लेकिन बड़े होने पर दोस्तों के परिवारों को देखकर उन्हें एहसास हुआ कि हर घर में ऐसा माहौल नहीं होता।
इस बयान को लेकर असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल की टिप्पणी पर निशाना साधा। अब राहुल गांधी के ताजा बयान ने इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस को फिर तेज कर दिया है।
