मधुबनी में एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रित है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय, मधुबनी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 27 मई 2026 की स्थिति में जिले में कुल 28,791 एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके। जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) एवं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में जिले में कुल 99 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं।
प्रशासन द्वारा पूर्व में की गई जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 4 गैस एजेंसियों को सील भी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुकिंग आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च 2026 से 26 मई 2026 तक जिले में कुल 11,98,127 गैस बुकिंग दर्ज की गई है, जबकि 25 मई 2026 को एक ही दिन में 15,461 बुकिंग प्राप्त हुई और उसी दिन 8,671 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।
जिला प्रशासन ने सभी गैस वितरकों को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह चेतावनी दी गई है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को परेशान किया जाता है, अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है या लापरवाही बरती जाती है तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक गैस बुकिंग न करें, घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों में ही करें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। 26 मई 2026 को जिले में 474.7 हजार लीटर पेट्रोल तथा 625.7 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध रहा।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। पूरी व्यवस्था पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
