सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 26/27 मई 2026 की रात बैरगनिया थाना क्षेत्र के भटौलिया बांध के समीप की गई।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाजुल मियां निवासी भटौलिया, थाना बैरगनिया, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है।
इस मामले में बैरगनिया थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड दर्ज कर अग्रिम विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इनमें बैरगनिया थाना कांड संख्या 243/21, 245/23 और 135/24 शामिल हैं।
सीतामढ़ी पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।