सीतामढ़ी जिले में आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिले के विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी के निर्देशानुसार आयोजित हुई।
बैठकों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
सीतामढ़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री पोस्ट या साझा नहीं करने की भी अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
