सीतामढ़ी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर सीतामढ़ी नगर थाना पुलिस, एसटीएफ टीम और औषधि निरीक्षक की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप, इंजेक्शन और कैप्सूल/टैबलेट बरामद किए गए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब पूरे नेटवर्क और नेपाल तस्करी कनेक्शन की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मीनगर वार्ड नंबर-15 स्थित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान प्रवीण कुमार के मकान में दीपक कुमार के किराये के कमरे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं। मौके से प्रभंजन साह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और नेपाल तस्करों से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने अभय शंकर साह उर्फ गुड्डू की किराना दुकान पर भी छापा मारा, जहां से भी प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए गए। इस कार्रवाई में राजेश कापड़ को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इस मामले में सीतामढ़ी नगर थाना कांड संख्या 314/26 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रभंजन साह, निवासी विशनपुर, थाना बथनाहा, जिला सीतामढ़ी
- राजेश कापड़, निवासी पटनिया कोट, थाना रिगा, जिला सीतामढ़ी
बरामदगी
- प्रतिबंधित कफ सिरप – 453.4 लीटर
- प्रतिबंधित इंजेक्शन – 5.064 लीटर
- कैप्सूल/टैबलेट – 10,380 पीस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिबंधित दवाओं की इतनी बड़ी खेप का इस्तेमाल अवैध नशे के कारोबार में किया जाना था। मामले में अंतरराज्यीय और नेपाल कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
