*शैक्षणिक सत्र 2027–28 के लिए वर्ग VI, VII, VIII एवं IX में कुल 1,604 रिक्त सीटों पर होगा नामांकन*
~~~~
मधुबनी,
06 नवम्बर, 2026
बिहार सरकार के पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में संचालित 39 अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027–28 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इन विद्यालयों में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को निःशुल्क आवासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, वर्ग VI में 1,560, वर्ग VII में 16, वर्ग VIII में 12 तथा वर्ग IX में 16 संभावित रिक्त सीटों के विरुद्ध नामांकन लिया जाएगा। इस प्रकार कुल 1,604 सीटों पर छात्राओं को नामांकन का अवसर मिलेगा।
आवेदन एवं परीक्षा की महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की अवधि: 05 नवंबर 2026 से 29 नवंबर 2026 तक।
प्रवेश पत्र जारी होने की तिथि: 11 जनवरी 2027।
प्रवेश परीक्षा की तिथि: 17 जनवरी 2027 (रविवार)।
परीक्षा परिणाम प्रकाशन: 05 फरवरी 2027।
मेधा सूची का प्रकाशन: 12 फरवरी 2027।
नामांकन की अवधि: 15 फरवरी से 27 फरवरी 2027 तक।
कक्षा प्रारंभ: 01 अप्रैल 2027।
नामांकन की पात्रता एवं परीक्षा प्रक्रिया
नामांकन वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से प्रत्येक के 20-20 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे।
आयु सीमा की गणना 01 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी। वर्ग VI के लिए 10 से 13 वर्ष, वर्ग VII के लिए 11 से 14 वर्ष, वर्ग VIII के लिए 12 से 15 वर्ष तथा वर्ग IX के लिए 13 से 16 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन करने वाली छात्राओं के माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय अधिकतम तीन लाख रुपये होनी चाहिए। परीक्षा एवं नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल https://bcebcbonline.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अंचल द्वारा निर्गत जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र, फोटोग्राफ तथा हस्ताक्षर निर्धारित स्थान पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
नामांकन के लिए जन्मतिथि वही मान्य होगी, जो अभ्यर्थी के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र अथवा विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र (S.L.C.) में अंकित है।
नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी, जिलेवार रिक्त सीटों का विवरण एवं अन्य दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट https://bcebcbonline.bihar.gov.in/schoolmis/Default.aspx पर उपलब्ध हैं। इच्छुक छात्राएं एवं उनके अभिभावक निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस निःशुल्क आवासीय शिक्षा योजना का लाभ उठा सकते हैं।