~~~
मधुबनी
6 नवंबर, 2026
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के आलोक में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा, रखरखाव एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार द्वारा गिरधारी पब्लिक लाइब्रेरी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का संयुक्त मासिक बाह्य निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई तथा आवश्यक जानकारी साझा की गई।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परिसर की साफ-सफाई तथा सुरक्षा संबंधी अन्य इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं ईवीएम वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त कर्मी भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा परिसर की साफ-सफाई पर नियमित निगरानी रखी जाए। सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता एवं सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। अतः इससे संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रखरखाव से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई। बैठक का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम वेयरहाउस से संबंधित व्यवस्थाओं से अवगत कराना था। जिला पदाधिकारी ने प्रतिनिधियों से आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। मासिक निरीक्षण एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद की यह व्यवस्था निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, सतर्कता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रखरखाव से जुड़े सभी कार्यों का नियमित अनुश्रवण करें तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को सदैव दुरुस्त रखें।
