मधुबनी, 18 सितंबर 2026। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी ने नगर पंचायत बेनीपट्टी के सहयोग से संसार पोखर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान तालाब से गंदगी, जलकुंभी, विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष और अन्य कचरा बाहर निकालकर सफाई की गई।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को नदियों और जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से तालाब, नदी और अन्य जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा उनकी साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नदियों की निर्मलता, अविरलता और पवित्रता बनाए रखना पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
शाम को जलस्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के लिए मशाल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, जलस्रोतों में कचरा नहीं डालने और प्राकृतिक संसाधनों की देखभाल का संदेश दिया गया।
मशाल रैली में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जलस्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण को जनअभियान बनाने का संदेश दिया गया।
