मधुबनी। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के द्वारा संचालित आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र,मधुबनी में मिथिला के महाकवि विद्यापति द्वारा रचित गीतों पर आधारित चार दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यशाला दिनांक 4 नवंबर से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी।
कार्यशाला का संचालन सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित राधा मोहन मिश्रा द्वारा किया जाएगा। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को महाकवि विद्यापति के अमूल्य गीतों, उनकी गायन शैली, संगीत परंपरा एवं सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को इन गीतों के गायन एवं प्रस्तुतीकरण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
कार्यशाला में कुल 50 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रतिभागियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक बच्चे एवं विद्यार्थी निर्धारित सीटों की उपलब्धता के अनुसार इस कार्यशाला में सहभागिता कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त करने एवं जमा करने के लिए प्रतिभागी कार्यालय अवधि में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, ग्राउंड फ्लोर, जिला परिषद कार्यालय संपर्क कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कार्यालय के संपर्क नंबर *9931747796* पर सम्पर्क करें ।
कार्यशाला के दौरान प्रतिदिन दो प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र अपराह्न 3:00 बजे से 4:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 4:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक संचालित होगा।
इस आयोजन का उद्देश्य महाकवि विद्यापति की समृद्ध संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा युवाओं में मैथिली गीत-संगीत के प्रति रुचि एवं अभिरुचि विकसित करना है।
