सीतामढ़ी, 11 सितंबर 2026: समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में नीलाम पत्रवाद मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित नीलाम पत्रवाद मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नीलाम पत्रवाद से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए बैंकों और अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक नोटिस जारी करने, नोटिस का तामिला सुनिश्चित कराने और आवश्यकता के अनुसार वारंट निर्गत करने का निर्देश दिया।
बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर होगी कार्रवाई
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि नीलाम पत्रवाद की सुनवाई को अधिकारी अपने नियमित कार्यों में शामिल करें और अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
एसएफसी से संबंधित नीलाम पत्रवाद के मामलों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि एसएफसी में लंबित सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार वारंट निर्गत किया जाए और संबंधित बकायेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रजिस्टर-09 और 10 से अभिलेखों का मिलान करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने अधीन न्यायालय में प्राप्त आवेदनों और अभिलेखों का रजिस्टर-09 एवं रजिस्टर-10 से मिलान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों की प्रतिदिन सुनवाई करने तथा प्राथमिकता के आधार पर अधिक से अधिक मामलों में ऋण वसूली की कार्रवाई करने को कहा।
समीक्षा के दौरान जिला स्तरीय नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्गत वारंट, प्राप्त आपत्तियों और नोटिस तामिला के लिए लंबित मामलों में भी तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रतिदिन सुनवाई और समयबद्ध निष्पादन पर जोर
डीएम ने कहा कि नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों के निष्पादन में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी बैंकों और अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं।
उन्होंने नीलाम पत्रवाद के मामलों के निष्पादन से संबंधित प्रतिवेदन जिला नीलाम पत्र शाखा को नियमित रूप से उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नीलाम पत्रवाद मामलों में संतोषजनक प्रदर्शन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम राजस्व संजीव कुमार, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी अभिराम त्रिवेदी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
