15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक अमित रंजन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य समारोह स्थल डुमरा परेड मैदान सहित जिले के अन्य कार्यक्रम स्थलों पर की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। साफ-सफाई, साज-सज्जा, प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड, मार्चपास्ट, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, मुख्य समारोह का आयोजन 15 अगस्त की सुबह 9 बजे डुमरा परेड मैदान में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके बाद जिला सशस्त्र पुलिस, जिला गृह रक्षा वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महिला पुलिस बल, एसएपी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बी-सैप), एनसीसी और युवा दलों की ओर से आकर्षक परेड एवं मार्चपास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं सुबह 10 बजे समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समयानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने निर्देश दिया कि परेड का पूर्वाभ्यास 9 अगस्त से शुरू किया जाए तथा 13 अगस्त सुबह 9 बजे अंतिम रिहर्सल हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने भवन प्रमंडल, नजारत शाखा, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को मंच निर्माण, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात प्रभारी को पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के चिन्हित महादलित टोलों में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस का उत्सव समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध और गंभीरता से निर्वहन करें तथा समारोह से कम-से-कम एक सप्ताह पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि पूरे जिले में राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण और उत्सवपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) बृजकिशोर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
