सीतामढ़ी: बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने सीतामढ़ी के टीपीडीएस (TPDS) गोदाम, डुमरा में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। निगम ने प्रभारी जिला प्रबंधक संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। उन्हें प्रशासनिक आधार पर अपर जिला प्रबंधक, सारण के पद पर अगले आदेश तक पदस्थापित किया गया है।
संयुक्त जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
कार्रवाई की शुरुआत जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई। 2 जुलाई 2026 को सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी सदर की त्रिसदस्यीय टीम ने टीपीडीएस गोदाम, डुमरा का संयुक्त निरीक्षण किया।
जांच के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और गोदाम अभिलेखों में खाद्यान्न का बड़ा अंतर पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, चावल 8326.25639 क्विंटल तथा गेहूं 1686.45292 क्विंटल के स्टॉक में विसंगति दर्ज की गई।
जब्त चावल का रिकॉर्ड नहीं, गुणवत्ता भी खराब
निरीक्षण के दौरान गोदाम में 402 क्विंटल चावल लंबे समय से जब्त होने की बात बताई गई, लेकिन उससे संबंधित कोई दस्तावेज या साक्ष्य जांच दल को उपलब्ध नहीं कराया गया। जांच टीम ने पाया कि जब्त खाद्यान्न की गुणवत्ता बेहद खराब थी।
इसके अलावा गोदाम में कई खाद्यान्न बोरों की सिलाई खुली मिली, खाद्यान्न में मिलावट के संकेत पाए गए तथा रख-रखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी।
मुख्यालय की जांच में भी पुष्टि
जिला प्रशासन की रिपोर्ट मिलने के बाद निगम मुख्यालय ने भी महाप्रबंधक (सामान्य प्रशासन) की अध्यक्षता में 16 जुलाई 2026 को गोदाम का भौतिक निरीक्षण कराया। 20 जुलाई को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में स्थानीय प्रशासन द्वारा दर्ज की गई सभी प्रमुख अनियमितताओं की पुष्टि की गई।
स्पष्टीकरण असंतोषजनक, पद से हटाए गए
इन अनियमितताओं के संबंध में प्रभारी जिला प्रबंधक संतोष कुमार से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। उन्होंने 21 जुलाई 2026 को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन निगम ने उसे संतोषजनक नहीं माना।
कार्यालय आदेश में कहा गया है कि जिला प्रबंधक द्वारा अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन विभागीय नियमों के अनुरूप नहीं किया गया और गोदाम की नियमित निगरानी में भी लापरवाही बरती गई। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर अपर जिला प्रबंधक, सारण के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
स्थानीय व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध
निगम ने जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी से अनुरोध किया है कि नई नियमित नियुक्ति होने तक स्थानीय व्यवस्था के तहत किसी उप समाहर्ता स्तर के अधिकारी को जिला प्रबंधक का प्रभार सौंपा जाए, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन प्रभावित न हो।
