जागरण संवाददाता, फतेहपुर। शासन के निर्देश पर मुफ्त खाद्यान्न लेने वाले अपात्रों के राशनकार्डों की जांच शुरू हो गई है।हालांकि अभी फिलहाल कोई अपात्र नहीं मिला हैं, यदि छह माह तक किसी कार्डधारक ने खाद्यान्न नहीं उठाया तो विभाग उसके कार्ड पर निरस्तीकरण की कार्रवाई करेगा।
बता दें कि जिले में 1109 उचित दर विक्रेताओं के सापेक्ष 5 लाख एक हजार पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक हैं जिसमें 36 हजार 789 अंत्योदय कार्डधारक भी शामिल हैं। जिन्हें प्रतिमाह निश्शुल्क गेहूं व चावल वितरण किया जा रहा है। इस बीच ऑनलाइन आवेदन करने वाले असहाय, दिव्यांग, बुजुर्ग, ई-रिक्शा चालक व छोटे दुकानदारों के पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड निर्गत किए जा रहे हैं।
शासन के निर्देश पर जिले के 13 ब्लॉकों ऐरायां, अमौली, असोथर, बहुआ, भिटौरा, देवमई, धाता, हसवा, हथगाम, खजुहा, मलवां, तेलियानी, विजयीपुर अंतर्गत गांवों में सत्यापन चल रहा है। सात माह सत्यापन में कुछ अपात्रों के राशनकार्ड निरस्त भी किए गए थे। अब फिर सत्यापन शुरू हो गया है। हालांकि अभी तक कोई अपात्र नहीं मिला है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर ने बताया कि यदि किसी राशनकार्ड धारक के पास पांच एकड़ से अधिक भूमि, दो शस्त्र लाइसेंस, चार पहिया वाहन व इन्कम टैक्स अदायगी है तो उसका कार्ड जांच बाद निरस्त किया जाएगा।
यदि कोई कार्डधारक बीते छह माह से अपने संबंधित कोटा से राशन नहीं उठा रहा है तो सत्यापन में उसका कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। कार्डों का सत्यापन चल रहा है।
