जिला गंगा समिति नमामि गंगे के विशेष अभियान के तहत जिलेभर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी से मजबूत हो रहा स्वच्छता का संकल्प*
स्वच्छता के रंग में रंगा मधुबनी, जनभागीदारी ने बढ़ाई अभियान की ताकत
स्वच्छता ही सेवा: युवाओं के उत्साह से विशेष अभियान को मिल रही नई ऊर्जा
~~~~
मधुबनी,
27 अक्टूबर, 2026
जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी के तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत संचालित विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। जनसहभागिता, सामूहिक प्रयास और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता ने अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
अभियान के तहत नदियों, तालाबों, अन्य जलस्रोतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की गई। स्वच्छता के इस सामूहिक प्रयास में युवाओं की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से देखने को मिली। लोगों ने न केवल स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया, बल्कि अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। आम नागरिकों और स्वच्छता कर्मियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता की दिशा में जनभागीदारी ही स्थायी बदलाव का आधार है।
जिला गंगा समिति नमामि गंगे, मधुबनी द्वारा संचालित यह विशेष अभियान नदियों की निर्मलता, जलस्रोतों के संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि स्वच्छ नदियां, स्वच्छ जलस्रोत और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल स्वस्थ समाज एवं सुरक्षित पर्यावरण की आधारशिला हैं। इनका संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि युवाओं, आम नागरिकों और स्वच्छता कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा मिल रही है। जनसहभागिता के माध्यम से ही स्वच्छता के प्रयासों को स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है, ताकि नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयास निरंतर जारी रहें।
