सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने रुन्नीसैदपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का देर शाम औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, दवा वितरण, प्रयोगशाला सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के साथ व्यवहार, दवा वितरण व्यवस्था, लैब जांच प्रक्रिया तथा टीबी जांच एवं उससे संबंधित कार्यों में अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को सभी कमियों को तत्काल दूर करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर इलाज, आवश्यक दवाइयां और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी, ताकि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखी जाए, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा दवा वितरण और लैब जांच की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए। साथ ही सभी स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों की पहचान, समय पर जांच और उपचार से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रुन्नीसैदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों, जांच केंद्रों और नर्सिंग होम के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वैध अनुमति संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और जवाबदेह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
