सीतामढ़ी: 25 जुलाई 2026 को सीतामढ़ी समाहरणालय गेट और उसके आसपास हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक इस प्रकरण में आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनकी तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल और समाहरणालय गेट पर पथराव किया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। इस मामले में संबंधित थानों में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान सोशल मीडिया सामग्री और घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने उपद्रवियों की तस्वीरें जारी करते हुए नागरिकों से उनकी पहचान करने में सहयोग मांगा है।
सीतामढ़ी पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति जारी की गई तस्वीरों में मौजूद आरोपियों की पहचान करता है तो वह संबंधित नंबरों पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
- पुलिस नियंत्रण कक्ष: 90318 33127
- थाना प्रभारी, डुमरा: 90318 26822
- थाना प्रभारी, सीतामढ़ी (नगर): 90318 26820
- थाना प्रभारी, मेहसौल: 90318 26823
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
