लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दीपावली से पहले शुरू होने वाले मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के खिलाफ आंदोलन के स्थगित होने के संबंध में स्पष्ट बयान दे दिया है। उन्होंने व्यापारियों की ओर से पर्व के दौरान होने वाले व्यापार की महत्ता को देखते हुए आंदोलन न करने की अपील के जवाब में कहा है, ‘मोदी जी से कहिए कि आरोपी नंबर 4 ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।’
कांग्रेस 1 नवंबर से करेगी महारैली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से महारैली पर पुनर्विचार करने संबंधित बयान से रैली के स्थगित होने का अंदेशा लगाया जा रहा था। इसी संबंध में एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश जारी कर राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह रैली स्थगित नहीं करने वाले।
दरअसल, राजधानी दिल्ली में आगामी 1 नवंबर को ‘रामलीला मार्च’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। कांग्रेस की ओर से इस संबंध में जारी एक संदेश के जरिए दिल्ली के व्यापारियों और आम नागरिकों से एकजुट होकर ‘चलो दिल्ली’ आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।
व्यापारियों से राहुल गांधी ने क्या कहा?
सोमवार को जारी बयान में केंद्र और दिल्ली प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल के एक्स अकाउंट पर संदेश जारी किया गया, ‘सरकार ने मेट्रो बंद की, सड़कें सील कीं और पूरी राजधानी पर ताला लगा दिया है।
बयान में वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया, ‘जब वोट ही चोरी हो जाता है, तो न तो दुकानें सुरक्षित रहती हैं, न लोगों की बचत और न ही बच्चों का भविष्य। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘आरोपी नंबर 4’ ज्ञानेश कुमार को हटाएं। 30 सेकंड के भीतर आंदोलन समाप्त हो जाएगा।
व्यापारियों ने की थी आंदोलन न करने की अपील
वहीं, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इस महारैली को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बता दें कि नवरात्रि के दौरान विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के कारण दिल्ली के व्यापारियों ने करीब 200 करोड़ का व्यापारिक घाटा होने का दावा किया था।
इसके बाद दीपावली से पहले 1 नवंबर को शुरू होने वाले कांग्रेस के आंदोलन को लेकर व्यापारी संगठनों ने कांग्रेस सांसद से पत्र लिखकर इसे स्थगित करने की मांग की थी।
