सीतामढ़ी, 31 जुलाई 2026: हलेश्वरनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) श्वेता भारती ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्वेता भारती ने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मेला परिसर में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें।
उन्होंने मेला अवधि के दौरान सभी विभागों की सक्रिय मौजूदगी और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान डीआरडीए निदेशक राजेश भूषण के अलावा विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
