सीतामढ़ी। जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र में 21 मई 2026 को हुए योगेंद्र सहनी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) के नेतृत्व में एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को कन्हौली थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गोली मारकर योगेंद्र सहनी की हत्या कर दी थी। इस मामले में कन्हौली थाना कांड संख्या 81/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

जांच के दौरान वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्लेषण, मानवीय आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हत्या के पीछे सुपारी और पुरानी रंजिश

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार पटेल पहले नेपाल से अवैध शराब की तस्करी में शामिल था। इसी दौरान उसकी पहचान शराब तस्कर राजेश सहनी से हुई। पुलिस के अनुसार, राजेश सहनी ने बताया कि योगेंद्र सहनी की सूचना के कारण उसकी अवैध शराब की कई खेप पकड़ी गई थीं, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ था।

इसी रंजिश के चलते राजेश सहनी ने कथित तौर पर 5 लाख रुपये की सुपारी देकर योगेंद्र सहनी की हत्या की साजिश रची। इसके बाद अभिषेक कुमार पटेल ने अपने साथियों अरविंद कुमार उर्फ कार, अमित कुमार और अंकित कुमार के साथ कई दिनों तक रेकी की और 21 मई 2026 को कन्हौली थाना क्षेत्र में योगेंद्र सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सुपारी की राशि आरोपियों के बीच बांट ली गई।

जांच में यह भी सामने आया कि राजेश सहनी की भतीजी का विवाह योगेंद्र सहनी के भतीजे से हुआ था।

गिरफ्तार आरोपी

  • अभिषेक कुमार पटेल, निवासी इमली बाजार, थाना रीगा, जिला सीतामढ़ी
  • अरविंद कुमार उर्फ कार, निवासी पुनौरा वार्ड संख्या-6, जिला सीतामढ़ी
  • अमित कुमार, निवासी पुनौरा वार्ड संख्या-6, जिला सीतामढ़ी
  • अंकित कुमार, निवासी इमली बाजार, थाना रीगा, जिला सीतामढ़ी

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है—

  • घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल
  • 2 देसी कट्टा
  • 3 जिंदा कारतूस

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार के खिलाफ डुमरा, पिपराही, पुनौरा और सीतामढ़ी नगर थाना में आर्म्स एक्ट, चोरी और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

वहीं अरविंद कुमार उर्फ कार के विरुद्ध भी डुमरा थाना, सीतामढ़ी उत्पाद थाना और सीतामढ़ी नगर थाना में आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version