सीतामढ़ी: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नया सवेरा अभियान–3.0” के तहत सीतामढ़ी पुलिस और अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में “बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी एवं बाल विवाह मुक्त सीतामढ़ी के निर्माण में समुदाय की भूमिका” विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री जागेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुतही के सभागार में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर के निर्देशन तथा पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

सेमिनार का उद्देश्य समुदाय, विद्यालय, पंचायत और प्रशासन के साझा प्रयासों से बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करना तथा बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी, समय पर सूचना और सामुदायिक निगरानी के माध्यम से बाल विवाह, बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।

अंचल निरीक्षक परशुराम सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे के अधिकारों का उल्लंघन पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने नागरिकों से ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस और संबंधित विभागों को देने की अपील की।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुधांशु पाठक ने बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2016 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल श्रम कानूनन दंडनीय अपराध है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा तथा सुरक्षित बचपन का अधिकार प्राप्त है।

बाल अधिकार कार्यकर्ता मुकुंद कुमार चौधरी ने कहा कि पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समितियों की सक्रियता बाल संरक्षण को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान, बाल विवाह एवं मानव तस्करी की आशंका वाले मामलों की समय पर सूचना देने तथा विद्यालय, आंगनबाड़ी, जीविका समूह, आशा कार्यकर्ता, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उनका कहना था कि जागरूक समुदाय ही बच्चों के अधिकारों की सबसे मजबूत सुरक्षा कवच बन सकता है।

बिहार नव निर्माण फाउंडेशन के सचिव मो. कमर अख्तर ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित करने के लिए परिवार, विद्यालय और समाज सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान रामदेव भगत बलदेव चौधरी प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुतही और श्री जागेश्वर उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुतही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के उत्कृष्ट 20 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सेमिनार के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने सीतामढ़ी को बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह मुक्त जिला बनाने तथा प्रत्येक बच्चे के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय सहयोग देने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भुतही थाना की महिला हेल्पडेस्क प्रभारी अंबिका शर्मा, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी रणवीर कुमार, अदिथी कवच परियोजना की प्रखंड समन्वयक शिव दुलारी देवी, दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा 700 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version