रिपोर्ट: सीतामढ़ी
सीतामढ़ी में बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ के तहत मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को गति देते हुए विशेष जागरूकता रथ को पुलिस केंद्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह अभियान वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो. नजीब अनवर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई तथा अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंचाएगा जागरूकता का संदेश
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण करेगा और आम नागरिकों को मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम तथा बाल विवाह जैसे कानूनन दंडनीय अपराधों की रोकथाम, बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों और समाज की जिम्मेदारी के बारे में जागरूक करेगा।
समाज की भागीदारी जरूरी: मो. नजीब अनवर
इस अवसर पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह जैसे अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम थाना, डायल 112 या संबंधित विभाग को सूचित करें। उन्होंने कहा कि समय पर दी गई एक सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह, अदिथी कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह, मनीष कुमार, मुकुंद चौधरी, पायल सिंह, काजल कुमारी, अमन कुमार, राकेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार, संजय वर्मा सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के शोषण, मानव तस्करी या अन्य अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
