सीतामढ़ी में बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ का शनिवार को शुभारंभ किया गया। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशन में यह अभियान वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो. नजीब अनवर के नेतृत्व में शुरू किया गया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सीतामढ़ी पुलिस एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस केंद्र स्थित आनंद भवन में मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल विवाह उन्मूलन विषय पर संवाद एवं रणनीति निर्धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

अभियान के लिए तैयार किया गया रोडमैप

संवाद कार्यक्रम के दौरान अभियान को सफल बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना और रोडमैप तैयार किया गया। वरीय पुलिस उपाधीक्षक मो. नजीब अनवर ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी समान महत्व दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और सहयोगी संस्थाओं से समन्वित प्रयास करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने किया।

बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सहयोग का भरोसा

अदिथी कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह ने बच्चों के अधिकारों और उनके कल्याण की रक्षा के लिए संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं मनीष कुमार और मुकुंद कुमार चौधरी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा बाल शोषण मुक्त सीतामढ़ी बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर अदिथी की प्रतिनिधि पायल सिंह, काजल, सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार, संजय वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रूपेश कुमार, ए.वी.ए. के सहायक परियोजना अधिकारी शिव शंकर ठाकुर सहित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और अदिथी कवच परियोजना की टीम मौजूद रही।

95 बच्चों को कराया गया मुक्त

सीतामढ़ी पुलिस ने हितधारकों और संबंधित विभागों के सहयोग से पूर्व में संचालित ऑपरेशन नया सवेरा, ऑपरेशन नया सवेरा 2.0 और ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत अब तक 95 बच्चों को बाल श्रम और बाल तस्करी से मुक्त कराकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए 18 से 25 जुलाई तक जिलेभर में ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ के तहत विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बाल संरक्षण और मानव तस्करी की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version