सीतामढ़ी में 7 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में मासिक क्राइम मीटिंग सह पुलिस सभा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, हर परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निरोधात्मक कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही आपराधिक मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।

वारंट निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा जमानत पर रिहा अपराधियों (Bail Out Criminals) का नियमित सत्यापन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जमानतदारों (Bailors) का विधिवत सत्यापन, केस डायरी का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लेखन, रात्रि गश्ती और सघन वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने, साइबर मामलों का त्वरित निष्पादन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या आपत्तिजनक सामग्री के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं का समयबद्ध सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस सभा में कर्मियों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा शाखा प्रभारी मौजूद रहे। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग, जनविश्वास को मजबूत करने तथा जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

क्राइम मीटिंग के बाद आयोजित पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों, संसाधनों की उपलब्धता और ड्यूटी प्रबंधन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और समस्याओं पर विचार करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version