सीतामढ़ी के गाढ़ा थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक अवैध नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। 5 मई 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गाढ़ा चौक स्थित एक दुकान पर की गई छापेमारी में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फर्जी तरीके से तैयारी से जुड़ा सामान बरामद किया गया। मौके से दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गाढ़ा चौक स्थित इस दुकान में अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य पहचान दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने विधिवत छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज और उपकरण मिले।

छापेमारी के दौरान दुकानदार निमिल कुमार, निवासी प्रेमनगर, थाना गाढ़ा, जिला सीतामढ़ी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ गाढ़ा थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामद सामग्री

  • आधार कार्ड – 37
  • आयुष्मान कार्ड – 4
  • एटीएम कार्ड – 4
  • मोबाइल फोन – 2
  • बैंक पासबुक – 12
  • थंब स्कैनर – 2
  • जाली आधार कार्ड का प्रिंट/डिजाइन – 1

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज किन लोगों को और किस उद्देश्य से उपलब्ध कराए जा रहे थे। मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version