सीतामढ़ी के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क सक्रिय, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
सीतामढ़ी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार महिला फरियादियों की समस्याओं को पूरी गोपनीयता और गंभीरता के साथ सुना जा रहा है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली प्रत्येक शिकायत और आवेदन का संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लिया जा रहा है। महिलाओं से संबंधित मामलों में उनकी निजता का विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिला हेल्प डेस्क प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर त्वरित, निष्पक्ष और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला हेल्प डेस्क का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें। इसके माध्यम से महिलाओं से जुड़े मामलों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सीतामढ़ी पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या अन्य शिकायत होने पर वे नजदीकी थाना स्थित महिला हेल्प डेस्क से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
