सीतामढ़ी: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय-3’ योजना के अंतर्गत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक आवेदन और शिकायत की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड तथा अतिक्रमण सहित कई विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम रिची पांडेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ कार्यक्रम प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस पहल से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी हुई है, वहीं प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
