बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ अभियान के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जनसुनवाई में कुल 162 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, राजस्व मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड और अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की शिकायतें शामिल थीं।

जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज हुई है और लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।

इस दौरान लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत द्वितीय अपील के 10 मामलों की भी सुनवाई की गई। इनमें से 6 मामलों में आदेश पारित किए गए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version